धार। जिले में अवैध शराब कारोबार पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इस बार नौगांव में एक बंद मकान के अंदर छिपाकर रखी गई शराब की बड़ी खेप का खुलासा हुआ। मुखबिर की सटीक सूचना पर पहुंची पुलिस ने ताला तोड़कर जब तलाशी ली, तो अंदर का नजारा चौंकाने वाला था।
पुलिस उप महानिरीक्षक/पुलिस अधीक्षक धार मंयक अवस्थी के निर्देशन में जिलेभर में अवैध सट्टा, जुआ और शराब परिवहन में संलिप्त बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सभी अनुविभागीय अधिकारी पुलिस और थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
इसी के तहत 16 अप्रैल को थाना नौगांव पुलिस को गढ़ी मोहल्ला क्षेत्र के एक मकान में अवैध शराब भंडारण की सूचना मिली। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां संबंधित मकान बंद मिला।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और मकान मालिक के पुत्रों को बुलाया। पूछताछ में पता चला कि मकान माईकल उर्फ प्रकाश पिता नंदकिशोर परमार को किराये पर दिया गया है।
पंचों की उपस्थिति में पुलिस ने ताला तोड़कर जब मकान की तलाशी ली, तो अंदर से देशी और अंग्रेजी शराब का बड़ा जखीरा बरामद हुआ। नौगांव पुलिस ने कुल 89.64 बल्क लीटर अवैध शराब, जिसकी कीमत लगभग 78,180 रुपये है, जब्त की।
इस मामले में आरोपी माईकल उर्फ प्रकाश के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक हीरुसिंह रावत, सउनि अरुण कुमार, प्रधान आरक्षक हेमराज कटारे, साइबर सेल प्रभारी प्रशांत गुंजाल, प्रधान आरक्षक मुकेश डावर, तेजप्रकाश द्विवेदी और आरक्षक तरुण सिंह बैस का विशेष योगदान रहा।
