इमामबाड़ा खुलते ही उमड़े अकीदतमंद, ताजिया निकालने को लेकर झड़प, पुलिस छावनी में बदला इलाका
राजगढ थाना प्रभारी समीर पाटीदार की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा
धार। धार जिले में मुहर्रम पर्व की खुशियों के बीच अचानक उस समय तनाव फैल गया, जब हाईकोर्ट के आदेश पर खुले इमामबाड़े के बाहर जश्न के दौरान दो पक्षों में मारपीट हो गई। एक तरफ जहाँ लंबे समय बाद इमामबाड़े का ताला खुलने से अकीदतमंदों में भारी उत्साह था और धार्मिक गतिविधियां चल रही थीं, वहीं दूसरी तरफ ताजिया निकालने की बात पर उपजे विवाद ने माहौल को गरमा दिया। भीड़ ने एक युवक को घेरकर पीट दिया, जिसके बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाला।
गुरुवार देर रात धार के हटवाड़ा स्थित सरकारी इमामबाड़े में प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत ताला खोला गया। इंदौर हाईकोर्ट के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग के एसडीओ भास्कर मालवीय ने सिद्दीकी कमेटी (ताजिया कमेटी के सदर) को चाबी सौंपी। चाबी मिलते ही इमामबाड़े की साफ-सफाई कर वहाँ सरकारी ताजिया स्थापित किया गया, जिसके जियारत के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इसी दौरान अखाड़ों के पारंपरिक करतबों के प्रदर्शन के बीच ताजिया निकालने की बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया, जिसमें नियाज मोहम्मद उर्फ सन्नू चाचा के साथ शाबीर, इस्लामुद्दीन उर्फ दद्दू और उनके तीन अन्य साथियों ने मारपीट की।

घटना के तुरंत बाद कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को संभाला और फरियादी नियाज मोहम्मद की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(a), 115(2), 351(3), 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर रही है। सुरक्षा के मद्देनजर कलेक्टर राजीव रंजन मीना और पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा खुद मौके पर तैनात रहे। इमामबाड़े के बाहर एक मिनी कंट्रोल रूम बनाया गया है और करीब 400 पुलिस जवानों व कई थाना प्रभारियों को सुरक्षा में लगाया गया है।
टीआई समीर पाटीदार ने टाला बड़ा हादसा
मारपीट के दौरान राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने मौके पर मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। टीआई समीर पाटीदार ने बीच-बचाव करते हुए फरियादी को भीड़ और मारपीट से सुरक्षित बचाया, अन्यथा वहाँ कोई बड़ा हादसा घटित हो सकता था।
इमामबाड़े को लेकर लंबे समय से कानूनी विवाद चल रहा था। हाईकोर्ट ने अस्थाई व्यवस्था के तहत इसे केवल 5 दिनों के लिए सिद्दीकी कमेटी को सौंपने का आदेश दिया है। कमेटी को 1 जुलाई की दोपहर 12 बजे से पहले इसकी चाबी वापस PWD को सौंपनी होगी। फिलहाल शहर में शांति बनी हुई है, शाम से मोहर्रम के अखाड़े निकलेंगे और देर रात ताजियों को कर्बला मैदान में ठंडा किया जाएगा। पुलिस ने नागरिकों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

