कोतवाली, तिरला, नौगांव, टांडा, गंधवानी थाना और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई
धार। कोतवाली थानान्तर्गत धार के समीप ग्राम देलमी स्थित फार्म हाउस से चोरी हुई कीमती अफ्रीकन बोर नस्ल की बकरियों के मामले में कोतवाली पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने मामले की कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर 2 और बकरियां सकुशल बरामद कर ली हैं। इस नई बरामदगी के साथ ही मामले में अब तक जप्त की गई बकरियों की कुल संख्या बढ़कर 10 हो गई है।
यह मामला थाना कोतवाली (जिला धार) में दर्ज अपराध क्रमांक 425/2026 से जुड़ा है। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस की टीम लगातार जांच में जुटी हुई थी। पूर्व में पकड़े गए आरोपियों से जब सघन पूछताछ की गई, तो उन्होंने कई अहम सुराग उगले। इसी आधार पर पुलिस टीम आरोपियों को वापस घटनास्थल (देलमी स्थित फार्म हाउस) लेकर पहुंची, जहां उनका री-कंस्ट्रक्शन और निरीक्षण कराते हुए 2 और बकरियां जप्त की गईं तथा घटना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए।
इस पूरे घटनाक्रम में कोतवाली पुलिस के साथ-साथ क्राइम ब्रांच, थाना तिरला, थाना नौगांव, थाना गंधवानी और थाना टांडा की टीमों की भी सराहनीय भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से विस्तृत पूछताछ अभी जारी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या इस गिरोह का हाथ क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में भी रहा है, जिससे आने वाले दिनों में कुछ और बड़े खुलासे और शेष संपत्ति की बरामदगी होने की पूरी संभावना है।

