आरोपी का निवास क्षेत्र से निकाला जाएगा जुलूस
धार। मामूली विवाद में धारदार हथियार से हमला कर दहशत फैलाने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। नौगांव थाना क्षेत्र में 23 अगस्त को एक युवक पर जानलेवा चाकूबाजी कर फरार हुए आरोपी शुभम उर्फ रोमियो को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर कानवन के पास से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी का निवास क्षेत्र से जुलूस निकाला जाएगा।
घटना 23 अगस्त रविवार की है, जब कैलाश नगर (मूल निवासी रामपुर अमझेरा) निवासी आरोपी शुभम उर्फ रोमियो पिता भेरूलाल ने रामनगर निवासी फरियादी शुभम पिता प्रकाश पर अचानक चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गया था। घायल को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसके बाद नौगांव थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 308/2026 के तहत बीएनएस की धारा 126(2), 118(1), 299(A) और 351(3) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।
झाड़ियों से बरामद हुआ चाकू, आर्म्स एक्ट की धारा बढ़ी
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस टीम ने 24 अगस्त सोमवार को आरोपी को कानवन के पास से हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने वारदात में प्रयुक्त चाकू को उटावड़ रोड के किनारे झाड़ियों में छिपाना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मौके से हथियार बरामद कर मामले में धारा 25(बी) आर्म्स एक्ट का इजाफा किया है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों में भय पैदा करने के उद्देश्य से आरोपी का उसके निवास क्षेत्र से जुलूस निकाला जाएगा, जिसके बाद वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर उसे सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
