इंदौर से विशेष रूप से तैयार होकर आई प्रतिमा
झांझ-डमरू और ध्वज पथक की प्रस्तुति ने मोहा मन
धार। गणपति बप्पा मोरया के जयघोष और ढोल-ताशों की गूंज के साथ शहर में 10 दिवसीय गणेशोत्सव का आगाज हो गया। घरों से लेकर सार्वजनिक पंडालों तक प्रथम पूज्य की विधि-विधान से स्थापना की गई। नौगांव स्थित हनुमान चौक पर इस बार इंदौर से तैयार करवाई गई 15 फीट ऊंची सिंहासनारूढ़ प्रतिमा स्थापित की गई है, जिन्हें श्रद्धालु श्रद्धा से ‘नौगांव के राजा’ पुकारते हैं।
धार नगर के हनुमान चौक, नौगांव में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी गणेशोत्सव को भव्य रूप दिया गया है। यहां इस बार करीब 15 फीट ऊंची भव्य गणेश प्रतिमा स्थापित की जा रही है, जिसे श्रद्धालु प्रेमपूर्वक ‘नौगांव के राजा’ के नाम से संबोधित कर रहे हैं। प्रतिमा इंदौर से विशेष रूप से बनवाई गई है। भगवान गणेश को सिंहासन पर विराजमान किया गया है। प्रतिमा के आसपास आकर्षक थीम तैयार की गई है, वहीं रंग-बिरंगी विद्युत सजावट पंडाल की भव्यता को और बढ़ा रही है।
गाजे-बाजे के साथ हुआ भव्य आगमन
‘नौगांव के राजा’ की आगमन यात्रा में बड़ी संख्या में युवा और माताए बहने और श्रद्धालु शामिल हुए। ढोल-ताशों, झांझ-डमरू और धार्मिक जयघोष के बीच गणेश प्रतिमा को पंडाल तक लाया गया। जिले के प्रथम ध्वज पथक झांझ-डमरू व ध्वज पथक द्वारा विशेष प्रस्तुति दी गई, जिसने आगमन यात्रा को और भव्य बना दिया। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
युवाओं की मेहनत से साकार हो रहा भव्य आयोजन
हनुमान चौक पर पिछले नौ-दस वर्षों से क्षेत्र के युवा गणेशोत्सव को बड़े स्तर पर आयोजित कर रहे हैं। 15 से 30 वर्ष की आयु के युवा आयोजन की व्यवस्थाओं से लेकर पंडाल सजावट और धार्मिक कार्यक्रमों तक में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। युवाओं की मेहनत और समर्पण के चलते हर वर्ष आयोजन को नया और आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है।
प्रतिदिन होंगे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन
गणेशोत्सव के दस दिनों के दौरान पंडाल में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रतिदिन रात्रि 8 बजे महाआरती होगी। इसके साथ ही श्री नित्यानंद बापजी की गुरु आरती, गरबा नृत्य, तेजाजी महाराज के भजन सहित विभिन्न आयोजन श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
आयोजन के दौरान 51 जोड़ों द्वारा विशेष महाआरती, भगवान गणेश को 56 भोग अर्पित किए जाएंगे तथा श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी का आयोजन होगा। गणेशोत्सव के समापन अवसर पर भव्य चल समारोह के साथ विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी।
दस दिनों तक हनुमान चौक नौगांव में भक्ति, आस्था और सांस्कृतिक रंगों की अनूठी छटा देखने को मिलेगी। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर गणेशोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।
