Headlines

खाकी का मान : धार की दो महिला आरक्षक बनीं उप निरीक्षक

एसपी सचिन शर्मा ने बुके भेंट कर बढ़ाया हौंसला

अन्य महिला पुलिसकर्मियों के लिए साबित होगा एक बड़ा प्रोत्साहन

धार। वर्दी के प्रति निष्ठा और लगातार मेहनत के दम पर धार जिले की दो महिला आरक्षकों ने विभागीय सफलता की नई मिसाल पेश की है। पुलिस बल में आरक्षक पद पर तैनात रहते हुए दोनों ने न केवल अपने नियमित कर्तव्यों को निभाया, बल्कि उप निरीक्षक (सब-इंस्पेक्टर) भर्ती परीक्षा में सफलता अर्जित कर अपने कंधों पर दो सितारे लगाने का गौरव भी हासिल किया।

​वर्ष 2025 की उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा के परिणामों के आधार पर धार जिले के थाना कुक्षी में पदस्थ महिला आरक्षक (क्र. 917) किरण निगवाल और थाना सेक्टर-01 में पदस्थ महिला आरक्षक (क्र. 1128) अल्का सिंह का चयन सब-इंस्पेक्टर पद पर हुआ है। चयन उपरांत किरण निगवाल को जिला शहडोल और अल्का सिंह को जिला सागर आवंटित किया गया है। इस उपलब्धि के बाद धार पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में एसपी सचिन शर्मा ने दोनों चयनित आरक्षकों को बुके भेंट कर सम्मानित किया और उनकी इस कामयाबी की सराहना की।

​सम्मान समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक ने दोनों चयनित अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि उप निरीक्षक के रूप में नई भूमिका मिलने के बाद जनसेवा और कानून-व्यवस्था के प्रति उनकी जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। उन्होंने दोनों को नए कार्यक्षेत्र में समर्पण के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने और भविष्य में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती पारूल बेलापुरकर, सूबेदार रविन्द्र कुशवाह और एसपी कार्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा, जिन्होंने दोनों महिला अधिकारियों को आगामी सेवाकाल के लिए शुभकामनाएँ दीं।

​कांस्टेबल से सीधे सब-इंस्पेक्टर पद पर पहुँचने का यह सफर विभागीय स्तर पर अन्य महिला पुलिसकर्मियों के लिए भी एक बड़ा प्रोत्साहन साबित होगा। फील्ड ड्यूटी के चुनौतीपूर्ण माहौल के बीच समय निकालकर राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षा में चयनित होना यह दर्शाता है कि संकल्प और अनुशासन के बल पर सेवा में रहते हुए भी करियर में उच्च मुकाम हासिल किए जा सकते हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *