आरोपी धर्मेन्द्र जोशी से नकदी सहित सट्टा सामग्री जब्त, बेटा सुमित फरार
धार। घर के बाहर खुलेआम किस्मत के खेल पर दांव लगवाना एक सटोरिये को भारी पड़ गया। नौगांव थाना पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी कर सट्टा संचालित कर रहे एक व्यक्ति को रंगे हाथों धर दबोचा, जबकि उसका सहयोगी पुत्र मौका पाकर भागने में सफल रहा।
यह कार्रवाई धार पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के जुआ और सट्टा विरोधी निर्देश पर नौगांव थाना प्रभारी राजललन मिश्रा के नेतृत्व में की गई। क्षेत्र में निगरानी के दौरान टीम को सूचना मिली कि मायापुरी कॉलोनी में स्टेडियम के सामने 51 वर्षीय धर्मेंद्र जोशी अपने घर के बाहर बैठकर सट्टे की पर्चियां काट रहा है। सूचना मिलते ही सहायक उप निरीक्षक गोकुल सिंह चौहान, आरक्षक अमित और आरक्षक राहुल सिंह की टीम ने दबिश दी। मौके पर धर्मेंद्र पिता बिहारीलाल जोशी दांव लगाते हुए पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 1,650 रुपये नकद और 8 सट्टा पर्चियां जब्त की गईं। कार्रवाई के दौरान आरोपी का पुत्र सुमित पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी धर्मेंद्र जोशी के खिलाफ मध्यप्रदेश जुआ अधिनियम की धारा 4-क के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी सुमित की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ जारी इस धरपकड़ अभियान से सट्टा कारोबारियों में हड़कंप है और पुलिस का यह सख्त रुख शहर में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मददगार साबित होगा।
