Headlines

धरमपुरी में जल जीवन मिशन के पाइप चोरी का पर्दाफाश

आयशर वाहन और हाइड्रा क्रेन जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

धार। शासकीय विकास कार्यों के लिए रखी निर्माण सामग्री पर हाथ साफ करने वाले गिरोह पर धरमपुरी पुलिस ने शिकंजा कसा है। जल जीवन मिशन के तहत बिछाए जाने वाले कीमती पाइपों को हाइड्रा क्रेन की मदद से वाहन में लोड कर ठिकाने लगाने की साजिश को नाकाम करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया, जबकि चोरी में इस्तेमाल की गई क्रेन और आयशर वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।

​मामला 17 सितंबर की सुबह का है, जब खलघाट–मनावर मार्ग पर पिपलदागढ़ी रोड किनारे रखे रश्मि मेटालिक कंपनी के D.I. K9 250 MM पाइपों की जांच के दौरान यह खुलासा हुआ। W.P.I.L. कंपनी के स्टाफ सुपरवाइजर कड़वासिंह राजपूत जब सुबह करीब 8:30 बजे मौके पर पहुंचे, तो वहां एक सफेद रंग के आयशर वाहन (RJ-25-GA-6958) में 7 पाइप पहले से लदे पाए गए, जबकि गिनती करने पर कुल 48 पाइप कम मिले। सुपरवाइजर की शिकायत पर धरमपुरी थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत अपराध क्रमांक 303/2026 पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।

​पुलिस अधीक्षक धार, सचिन शर्मा के निर्देशन और थाना प्रभारी सरदारसिंह सोलंकी के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित दबिश देकर आयशर चालक सादाब खान (26 वर्ष, निवासी पुनर्वास धरमपुरी) और हाइड्रा क्रेन चालक सुखलाल वास्कले (36 वर्ष, निवासी तितरानिया, जिला खरगोन) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से आयशर वाहन सहित चोरी में इस्तेमाल की गई हाइड्रा क्रेन (MP-11-ZE-0972) भी बरामद कर ली है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रवि वास्के, सउनि रेमसिंह बामनिया, प्रधान आरक्षक वेस्ता सोलिया, आरक्षक लक्ष्मण जमरा और सोनू की अहम भूमिका रही।

​पकड़े गए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि मामले में शामिल एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है। क्षेत्र में चल रही मल्टीविलेज नल-जल योजनाओं के सामान की चोरी रोकने और ग्रामीण क्षेत्रों तक तय समय पर शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिहाज से पुलिस की यह त्वरित कार्रवाई काफी अहम मानी जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पाइप चोरी के इस नेटवर्क के अन्य संपर्कों का भी खुलासा होने की संभावना है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *