3.60 लाख रुपए व स्कॉर्पियो जब्त, पुलिस टीम पुरस्कृत
धार। हाईवे पर 16 किलोमीटर तक फिल्मी अंदाज में चला पीछा, खेतों में भागे बदमाश और आसमान में मंडराता पुलिस का ड्रोन—कानवन पुलिस की इस त्वरित व साहसिक कार्रवाई ने अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय एक संगठित ATM चोर गिरोह के मंसूबों पर पानी फेर दिया। कर्नाटक में एटीएम काटकर लाखों की नकदी उड़ाने वाले इस गिरोह के दो सदस्यों को धर दबोचने वाली पुलिस व डायल-112 टीम को इस उत्कृष्ट कार्य के लिए धार पुलिस अधीक्षक द्वारा पुरस्कृत किया गया है।
यह पूरी कार्रवाई 2 मार्च 2026 को धार जिले के कानवन थाना क्षेत्र में हुई। थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र कुमार बारिया के नेतृत्व में पुलिस व डायल-112 की टीम ने फोरलेन पर एक संदिग्ध ब्लैक स्कॉर्पियो S11 का 16 किलोमीटर तक पीछा किया। घेराबंदी देख छोकला टोल टैक्स से पहले वाहन में सवार 5 बदमाश गाड़ी छोड़कर सोयाबीन के खेतों की ओर भाग निकले। पुलिस ने तुरंत पीछा कर एक आरोपी साहिल उर्फ दातु खान को मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद सुबह करीब 8:00 बजे ड्रोन तकनीक और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान दूसरे आरोपी कमरयाब को भी खेतों से गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से स्कॉर्पियो वाहन और 3.60 लाख रुपए नकद बरामद किए गए।

पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि उनके तार कर्नाटक राज्य के विजयपुर जिले में हुई बड़ी एटीएम डकैती से जुड़े हैं। तफ्तीश में पुष्टि हुई कि कर्नाटक के विजयपुरा स्थित थाना कुडगी में एटीएम काटकर नकदी चोरी करने का मामला (अपराध क्रमांक 97/2026, धारा 331(4), 305 बीएनएस) दर्ज था। न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को कुडगी थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
इस त्वरित रिस्पॉन्स और तकनीकी समन्वय के लिए पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा ने थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार बारिया, पुलिस बल और डायल-112 टीम को प्रशस्ति पत्र व नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
अंतर्राज्यीय एटीएम कटर गिरोह के इन सदस्यों की गिरफ्तारी से न केवल कर्नाटक पुलिस को अपनी अनसुलझी बड़ी वारदातों की कड़ियां जोड़ने में अहम सुराग हाथ लगे हैं, बल्कि इससे अंतर्राज्यीय सीमा पार कर वारदात को अंजाम देने वाले पेशेवर गिरोहों पर भी प्रभावी अंकुश लगेगा। कर्नाटक पुलिस अब इस गिरोह के फरार तीन अन्य साथियों और पूर्व में की गई अन्य संभावित वारदातों के संबंध में आगे की जांच बढ़ा रही है।
