‘रन फॉर नेशन’ में दौड़े युवा, विजेताओं पर बरसे इनाम
धार। ट्रैक पर दौड़ते कदम, फिटनेस के प्रति गजब का उत्साह और नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण का दृढ़ संकल्प—रविवार को धार का एसपीडीए ग्राउंड युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर नजर आया। मौका था स्वास्थ्य, फिटनेस और जागरूकता से जुड़े एक बड़े अभियान का, जहां खेल स्पर्धाओं के साथ-साथ युवाओं के भविष्य को संवारने की ठोस पहल देखने को मिली।
भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के ‘मेरा युवा भारत’ (माय भारत), धार और गोलू फिजिकल एकेडेमी के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को एसपीडीए ग्राउंड पर ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ और ‘रन फॉर नेशन’ कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिला युवा अधिकारी दीर्घा राजावत, मुख्य अतिथि पंडित छोटू शास्त्री, पूर्व सैनिकों और स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों धावकों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान ‘मेरा स्वास्थ्य, मेरा गर्व’ शिविर लगाकर युवाओं का सामान्य और शारीरिक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की डॉ. नम्रता पांचोली और डॉ. बलवंत विश्नोई ने युवाओं को संतुलित आहार और नियमित व्यायाम का महत्व समझाया। वहीं, 1600 मीटर की ‘रन फॉर नेशन’ ओपन ट्रायल दौड़ में धावकों ने अपनी गति और दमखम का प्रदर्शन किया। बालिका वर्ग में शिवानी गोयल ने पहला, महिमारानी कटारे ने दूसरा और रजनी गिरवाल ने तीसरा स्थान हासिल किया। बालक वर्ग में आशीष जमरे पहले, जितेंद्र जमरा दूसरे और ओम सुरताना तीसरे स्थान पर रहे।
मंच से युवाओं को करियर और चरित्र निर्माण की सीख भी मिली। मुख्य अतिथि पंडित छोटू शास्त्री ने खेलों को अनुशासन और नेतृत्व का माध्यम बताया, जबकि पूर्व सैनिक राजेश खड़ीकर और गुमान सिंह डावर ने सेना भर्ती प्रक्रिया की जानकारी देकर युवाओं में देशभक्ति का जज्बा भरा। इस दौरान धार विधायक श्रीमती नीना विक्रम वर्मा की घोषणा के अनुरूप गत वर्ष की जिला स्तरीय कबड्डी एवं खो-खो प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को 10-10 हजार रुपये और उपविजेता प्रतिभागियों को 5-5 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि के चेक भी बांटे गए।
धार से शुरू हुई यह पहल केवल एक दिन के आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से शुरू हुए 100 सप्ताह के राष्ट्रव्यापी नशामुक्त संकल्प का हिस्सा है। आगामी 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार को आयोजित होने वाली ये गतिविधियां न केवल युवाओं को नशे के खतरे से दूर रखकर स्वस्थ जीवनशैली की ओर मोड़ेंगी, बल्कि ‘माय भारत’ पोर्टल के माध्यम से ग्रामीण और शहरी प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर के अवसरों से जोड़कर एक सशक्त और विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार करेंगी।
