Headlines

छोटा उदयपुर–धार रेल परियोजना को रफ्तार देने की मांग, 43 किमी कार्य जल्द पूरा करने का आग्रह

धार। क्षेत्रीय विकास और बेहतर कनेक्टिविटी को लेकर छोटा उदयपुर–धार रेल परियोजना को गति देने की मांग तेज हो गई है। महासमिति ने पश्चिमी रेलवे अधिकारियों से मुलाकात कर शेष कार्य जल्द पूरा करने का आग्रह किया।

छोटा उदयपुर–धार रेल लाओ महासमिति के केंद्रीय अध्यक्ष पवन जैन गंगवाल ने वडोदरा में पश्चिमी रेलवे बड़ौदा मंडल के मुख्य परियोजना प्रबंधक (निर्माण) राजेश श्रीवास्तव से भेंट कर परियोजना के लंबित कार्य को शीघ्र पूरा करने की मांग की।

उन्होंने टांडा से धार–तिरला तक शेष 43 किलोमीटर रेल लाइन को प्राथमिकता से पूर्ण करने हेतु ज्ञापन सौंपा। गंगवाल ने बताया कि यदि यह कार्य उज्जैन सिंहस्थ 2028 से पहले पूरा हो जाता है, तो देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी।

ज्ञापन में बताया गया कि इंदौर–दाहोद रेल लाइन धार तक पहुंच चुकी है। इसे छोटा उदयपुर लाइन से जोड़ने पर इंदौर से मुंबई की दूरी करीब 120 किमी कम हो जाएगी, जिससे पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र और आदिवासी इलाकों को बड़ा लाभ मिलेगा।

मुख्य परियोजना प्रबंधक राजेश श्रीवास्तव ने आश्वासन दिया कि परियोजना को चार वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है और जल्द टेंडर जारी कर कार्य में तेजी लाई जाएगी।

महासमिति के अनुसार 145 किमी लंबी इस परियोजना में से 102 किमी कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि 43 किमी शेष है। इसे राष्ट्रीय परियोजना में शामिल कर जल्द पूरा करने की मांग की गई है। जानकारी पारस जैन एवं प्रवीण टांक ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *