धार। अगर आपका आधार कार्ड पुराना हो गया है या बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट पेंडिंग है, तो यह खबर आपके काम की है। डाक विभाग द्वारा जिले के नागरिकों की सुविधा के लिए आगामी 25 अप्रैल को एक विशाल आधार कैंप का आयोजन किया जा रहा है। उप सम्भागीय निरीक्षक ने बताया कि इस अभियान का मकसद आधार से जुड़ी सेवाओं को आम जनता के लिए बेहद आसान और सुलभ बनाना है।
इन 6 केंद्रों पर मिलेंगी सुविधाएं
यह विशेष कैंप जिले के प्रमुख डाकघरों में सुबह 08 बजे से शाम 06 बजे तक संचालित किए जाएंगे। आप अपनी सुविधा अनुसार प्रधान डाकघर, धार, उपडाकघर, पीथमपुर सेक्टर-01, उप डाकघर, पीथमपुर सेक्टर-03, उप डाकघर, सरदारपुर, उप डाकघर, राजगढ़,उपडाकघर, धामनोद पर जा सकते हैं।
बच्चों के लिए नि:शुल्क सेवा
कैंप में भारत सरकार द्वारा तय किए गए मामूली शुल्क पर नए आधार नामांकन और सुधार (अपडेशन) का कार्य किया जाएगा। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि बच्चों के नए आधार कार्ड बनाना और अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेशन की सुविधा पूरी तरह से नि:शुल्क रहेगी।
भीड़ से बचने के लिए 23 से मिलेंगे टोकन
कैंप के दिन लंबी लाइनों और असुविधा से बचने के लिए डाक विभाग ने ‘पहले आओ-पहले पाओ’ की तर्ज पर टोकन व्यवस्था लागू की है। आधार अपडेट कराने के इच्छुक नागरिक 23 अप्रैल से ही संबंधित डाकघर जाकर अपना टोकन प्राप्त कर सकते हैं। इससे 25 तारीख को आपका काम बिना किसी देरी के और सुगमता से पूरा हो सकेगा।
