ACS अनुपम राजन का धार दौरा
धार। अपर मुख्य सचिव (उच्च शिक्षा व उद्यानिकी) और इंदौर संभाग के प्रभारी एसीएस अनुपम राजन गुरुवार को एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने धार जिले के बक्साना और लेबड़ उपार्जन केंद्रों के साथ ही सेजवाया में जल जीवन मिशन के कार्यों का ‘ग्राउंड जीरो’ पर जाकर रियलिटी चेक किया। एसीएस ने दो टूक कहा— “किसान को केंद्र पर इंतजार न करना पड़े, तौल कांटे बढ़ाएं और खरीदे गए अनाज की तत्काल लिफ्टिंग सुनिश्चित करें।”
‘किसान को धूप में खड़ा रखा तो खैर नहीं’
जिले के 73 केंद्रों पर गेहूं खरीदी जारी है। बक्साना और लेबड़ पहुंचे एसीएस ने बारदाने और तिरपाल की उपलब्धता जांची।
- नो वेटिंग पॉलिसी: अधिकारियों को निर्देश दिए कि इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटों की संख्या बढ़ाएं ताकि किसानों की लाइन न लगे।
- क्वालिटी चेक: खरीदी केवल एफएक्यू (FAQ) मापदंडों के आधार पर ही हो।
- सुविधाएं: भीषण गर्मी को देखते हुए केंद्रों पर ठंडे पानी और पुख्ता छाया के इंतजाम रखने के कड़े निर्देश दिए।
ग्रामीणों से पूछा- ‘नल से जल आ रहा है या नहीं?’
सेजवाया और लेबड़ में चल रहे पेयजल कार्यों का भौतिक सत्यापन करने पहुंचे श्री राजन ने अफसरों की मौजूदगी में सीधे ग्रामीणों से संवाद किया।
अपील: एसीएस ने ग्रामीणों से कहा कि अगर वे चाहते हैं कि उनके घर शुद्ध पानी की सप्लाई कभी न रुके, तो समय पर ‘जलकर’ जमा करने की आदत डालें। इसी पैसे से मोटर और पाइपलाइन का रखरखाव होगा।
पाइपलाइन बिछाने में लापरवाही पर नपेंगे जिम्मेदार
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े और कलेक्टर राजीव रंजन मीना भी साथ थे। एसीएस ने पीएचई के अफसरों को चेतावनी दी कि पाइपलाइन विस्तार के कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए। काम तय समय-सीमा में पूरा करें ताकि हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंच सके।
निरीक्षण के दौरान यह रहे मौजूद:
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ अभिषेक चौधरी सहित खाद्य विभाग, पीएचई और राजस्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। एसीएस ने स्पष्ट किया कि वे दोबारा दौरे पर आ सकते हैं, तब तक सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलनी चाहिए।
