Headlines

हाथों में तिरंगा लिए पुलिसकर्मी और अधिकारियों ने दिया शांति का संदेश

Oplus_131072

​फ्लैग मार्च में शामिल हुए कलेक्टर मीना और एसपी शर्मा

धार में 1500 जवान तैनात, अफवाह फैलाई तो रात में ही उठा लेगी पुलिस

धार। शहर में शांति, सुरक्षा और सौहार्द का माहौल बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। गुरुवार शाम को कलेक्टर राजीव रंजन मीना और एसपी सचिन शर्मा की अगुवाई में शहर के विभिन्न मोहल्लों और प्रमुख मार्गों से एक भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया। हाथों में तिरंगा थामे पुलिसकर्मी और अधिकारियों ने नागरिकों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।

​इस फ्लैग मार्च का सीधा संदेश था—“कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।”

​’मैसेज लाउड एंड क्लियर है…’ : कलेक्टर मीना

​कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने पैदल मार्च के दौरान प्रशासन की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने कहा:

​”शहर के नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। इस पैदल मार्च के जरिए हमारा मैसेज बिल्कुल लाउड एंड क्लियर है। आगामी व्यवस्थाओं को देखते हुए जरूरत के मुताबिक पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। हम सोशल मीडिया के सभी प्लेटफॉर्म्स पर भी कड़ी नजर रख रहे हैं। कोई भी भ्रामक जानकारी या अफवाह फैलाने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

हाईकोर्ट के आदेशों का होगा अक्षरशः पालन- एसपी

​एसपी सचिन शर्मा ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन किसी भी तरह की ढील देने के मूड में नहीं है। उन्होंने पुरातत्व विभाग (ASI) की इमारत से जुड़े मामले पर कहा कि माननीय उच्च न्यायालय के निर्देश बेहद स्पष्ट हैं और उनका अक्षरशः पालन कराया जाएगा।

​एसपी शर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा, “जो लोग सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारियां या आपत्तिजनक पोस्ट डाल रहे हैं, वे सावधान हो जाएं। पुलिस की उन पर पैनी नजर है और आज रात से ही उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।”

ड्रोन और CCTV से होगी निगरानी

​सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए पुलिस ने आधुनिक तकनीक का सहारा लिया है। शहर की सुरक्षा रणनीति की मुख्य बातें इस प्रकार हैं:

  • 1500 से ज्यादा जवान तैनात: अकेले शहर के भीतर ही 1500 से अधिक पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर लगाया गया है।
  • चप्पे-चप्पे पर नजर: मुख्य प्रांगण के अंदर, बाहर, आसपास की गलियों और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में भारी बल तैनात है।
  • हाईटेक सर्विलांस: सभी धार्मिक स्थलों और संवेदनशील इमारतों की निगरानी के लिए हाई-राइज सीसीटीवी (CCTV) और ड्रोन कैमरों की मदद ली जा रही है।

कड़ा रुख: एसपी ने साफ कर दिया है कि जो भी व्यक्ति शहर के भाईचारे और सौहार्द को बिगाड़ने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ पुलिस आज रात से लेकर कल तक लगातार एक्शन मोड में रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *