सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश पर प्रशासन ने की व्यवस्था
करीब 150 मुस्लिम धर्मावलंबियों ने शांतिपूर्वक तरीके से अदा की नमाज
धार। सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश के बाद शुक्रवार को धार में नमाज को लेकर बनी असमंजस की स्थिति पूरी तरह साफ हो गई। बारिश और कीचड़ की चुनौतियों के बावजूद मुस्लिम समाज के लोगों ने प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थित जगह पर शांतिपूर्ण तरीके से जुमे की नमाज अदा की।
30 जुलाई को आए सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के तहत शुक्रवार (31 जुलाई) को धार के भोजशाला क्षेत्र से सटे सर्वे नंबर 612 पर लगभग 150 मुस्लिम धर्मावलंबियों ने नमाज अदा की। पूर्व में बने भ्रम को दूर करने के लिए सुबह से ही जिला प्रशासन और पुलिस मुस्तैद दिखी। जेसीबी की मदद से नमाज स्थल को व्यवस्थित किया गया, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग नमाज के लिए पहुंचे। धार एसडीएम राजकुमार हलधर और एएसपी विजय डावर ने पुष्टि की कि कोर्ट के अंतरिम आदेश का पालन करते हुए पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया है।
एएसपी विजय डावर ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से पुलिस प्रशासन ने पूरे शहर में कड़े इंतजाम किए थे। संवेदनशील इलाकों पर नजर रखने के लिए 800 से 900 पुलिसकर्मियों का बल तैनात किया गया। इसके साथ ही ड्रोन कैमरे, सीसीटीवी फुटेज और लगातार सर्विलांस के माध्यम से शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर रखी गई। एएसपी विजय डावर के अनुसार, शहर में गश्त लगातार जारी है और वर्तमान में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।

दूसरी ओर, मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि अब्दुल समद ने कोर्ट के फैसले का सम्मान करते हुए कहा कि सर्वोच्च न्यायालय का आदेश सर्वोपरि है। कोर्ट ने कमाल मौला मस्जिद से सटी जगह (सर्वे नंबर 611, 612, 596) पर नमाज की व्यवस्था के निर्देश दिए थे। किसी की आस्था को ठेस न पहुंचे और शांति बनी रहे, इसलिए समाज ने मुख्य सर्वे नंबर 611 के बजाय 612 पर सहयोग देते हुए नमाज अदा की। उन्होंने ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड, लीगल टीम और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देश और कानून व्यवस्था हमेशा सर्वोपरि है।
इस मामले की अगली महत्वपूर्ण सुनवाई 5 अगस्त को माननीय सुप्रीम कोर्ट में होनी है। प्रशासन का कहना है कि आगामी शुक्रवार के लिए भी सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार और बेहतर व्यवस्थाएं की जाएंगी। वहीं, मुस्लिम समाज का कहना है कि यदि 5 अगस्त की सुनवाई में कोर्ट आदेश देता है, तो वे प्रशासन से 611 नंबर क्षेत्र में बारिश से बचाव के उचित इंतजामों के साथ नमाज की व्यवस्था करने का निवेदन करेंगे।
