Headlines

खाकी का बढ़ा मान : धार में तीन उप निरीक्षक बने निरीक्षक, एसपी कार्यालय में सजी पीपिंग सेरेमनी

पदोन्नति के साथ कंधों पर आया नया दायित्व

धार पुलिस के तीन अधिकारियों के कंधों पर लगे सितारे

धार। वर्दी पर बढ़ता हर एक सितारा सिर्फ ओहदे की चमक नहीं बढ़ाता, बल्कि जनता के भरोसे और कर्तव्य के दायरे को भी विस्तार देता है। धार पुलिस परिवार में ऐसा ही एक गरिमापूर्ण पल उस समय देखने को मिला, जब तीन जांबाज पुलिस अधिकारियों ने अपने करियर के नए पड़ाव में कदम रखा।

​पुलिस अधीक्षक कार्यालय, धार में आयोजित भव्य ‘पीपिंग सेरेमनी’ के दौरान उप निरीक्षक स्तर के तीन अधिकारियों को निरीक्षक के पद पर विधिवत पदोन्नत किया गया। इस कार्यक्रम में नौगांव थाने के राहुल चौहान, सेक्टर-01 थाने की हिना जोशी तथा पीथमपुर-बगदून थाने के राजेश चौहान के कंधों पर पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने पदोन्नति के सितारे सजाए। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारूल बेलापुरकर, एसडीओपी बदनावर अरविंद तोमर, रक्षित निरीक्षक पुरुषोत्तम बिश्नोई, सूबेदार रविन्द्र कुशवाह, कार्यालय स्टाफ और पदोन्नत अधिकारियों के परिजन विशेष रूप से उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए एसपी सचिन शर्मा ने अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और स्पष्ट किया कि पदोन्नति महज पद का बढ़ना नहीं, बल्कि नेतृत्व क्षमता की नई परीक्षा है। उन्होंने कहा कि अनुशासन, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ आमजन की सुरक्षा व सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देना ही एक सफल पुलिस अधिकारी की पहचान है।

​थाना स्तर पर कानून-व्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले इन अधिकारियों की इस पदोन्नति से न केवल संबंधित थाना क्षेत्रों में पुलिसिंग और प्रशासनिक कसावट को मजबूती मिलेगी, बल्कि नई जिम्मेदारियों के साथ क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और जनसंवाद के प्रयासों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *