4 लाख के माल समेत 4 मोटरसाइकिलें जब्त, 1 आरोपी गिरफ्तार
धार। क्षेत्र में सक्रिय नकबजनों और वाहन चोरों के नेटवर्क पर बदनावर पुलिस ने कड़ा प्रहार किया है। दुकान में सेंधमारी और मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को सुलझाते हुए पुलिस ने एक आरोपी को धर दबोचा, जबकि उसके दो साथी फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान और चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 4 लाख रुपए आंकी गई है।
यह पूरी कार्रवाई बदनावर थाना क्षेत्र में दर्ज अपराध क्रमांक 458/2026 (धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस) के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक जिला धार के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पश्चिम पारूल बेलापुरकर और एसडीओपी अरविन्द सिंह तोमर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह कुशवाह की टीम ने मंडी रोड निवासी 21 वर्षीय पवन गामड (पिता बद्रीलाल गामड) को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना कबूल कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई एक प्लेटिना मोटरसाइकिल सहित चोरी गया माल बरामद किया। इसके अलावा चोरी की 2 यामाहा R15 और 1 स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गईं। मामले में शामिल दो अन्य सह-आरोपी पवन गामड (पिता शिवराम गामड, निवासी भुरीघाटी, बिलपांक, रतलाम) और शुभम मोरी (पिता विनोद मोरी, निवासी रतनगिरी, बिलपांक, रतलाम) फिलहाल फरार हैं।
सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में सउनि प्रकाश क्षीरसागर, प्रधान आरक्षक योगेश शर्मा तथा आरक्षक मनीष, धर्मेन्द्र, सचिन, भंवरसिंह और दीपक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
लगातार हो रही वाहन चोरी और दुकानों में सेंधमारी की घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों व नागरिकों में असुरक्षा का माहौल बन रहा था। इस खुलासे के बाद जहां आमजन और व्यापारियों ने राहत की सांस ली है, वहीं पुलिस का मानना है कि फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में हुई अन्य वारदातों के तार भी जुड़ सकते हैं और चोरी का अन्य माल बरामद होने की संभावना है।
