Headlines

अनजान लिंक पर क्लिक करते ही बैंक खाता खाली

किराएदार से 99,900 रुपए की ऑनलाइन ठगी, केस दर्ज

धार। मोबाइल स्क्रीन पर आया एक अनजान लिंक और कुछ ही पलों में बैंक खाते से गाढ़ी कमाई साफ—साइबर ठगों ने एक बार फिर तकनीकी जाल बिछाकर बड़ी धोखाधड़ी को अंजाम दिया है। धार जिले के अमझेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मांगोद चौपाटी पर रहने वाले एक व्यक्ति के यूनियन बैंक खाते से अज्ञात ठगों ने ऑनलाइन सेंध लगाकर 99,900 रुपए उड़ा लिए।

​घटना 16 अगस्त की सुबह लगभग 9:15 बजे की है। मूल रूप से ग्राम डोल, तहसील सिरमौर (जिला रीवा) के निवासी 50 वर्षीय अशोक सिंह पिता मकसुदन सिंह, जो वर्तमान में अमझेरा थाना क्षेत्र के मांगोद चौपाटी पर जितेंद्र राठौड़ के मकान में किराए से रहते हैं, ठगी का शिकार हुए। उनके मोबाइल पर सुबह 9:16 बजे अचानक यूनियन बैंक खाते से 99,900 रुपए कटने (डेबिट होने) का मैसेज आया। पड़ताल में सामने आया कि किसी अनजान ऑनलाइन लिंक अथवा एपीके फाइल के जरिए अज्ञात महिला व पुरुष आरोपियों ने यह राशि उनके खाते से ट्रांसफर कर ली।

​पीड़ित ने इस साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराई थी। भोपाल स्थित साइबर सेल व हाईटेक अपराध पुलिस थाने से प्राप्त प्राथमिक एफआईआर (क्र. 320/2026) की जांच के बाद, अमझेरा थाना पुलिस ने 17 सितंबर को दोपहर 3:03 बजे अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत असल अपराध पंजीबद्ध कर लिया।

​साइबर फ्रॉड के इस मामले में पुलिस अब ट्रांजेक्शन ट्रेल और संबंधित एपीके लिंक के डिजिटल फुटप्रिंट्स खंगाल रही है, जिससे ठगी करने वाले गिरोह के बैंक खातों और लोकेशन का पता लगाया जा सके। अनजान लिंक और अनाधिकृत एपीके फाइलों के जरिए वित्तीय धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों के बीच पुलिस तकनीक की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *