स्कॉर्पियो और 3.60 लाख नकदी बरामद, कानवन पुलिस की सफलता
आधी रात को नाकाबंदी तोड़कर खेतों में भागे थे बदमाश
धार। आधी रात का सन्नाटा, 16 किलोमीटर तक तेज रफ्तार में दौड़ती संदिग्ध स्कॉर्पियो और पीछे सायरन बजाती पुलिस धार-रतलाम फोरलेन पर देर रात हुआ यह नाटकीय घटनाक्रम किसी थ्रिलर फिल्म के दृश्य जैसा था। कानवन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अंतर्राज्यीय एटीएम कटर गिरोह की भागने की कोशिश को नाकाम कर दो कुख्यात आरोपियों को धर दबोचा, जबकि उनके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
घटना 3 सितंबर बुधवार-गुरुवार दरमियानी की देर रात करीब 1:30 बजे की है। कानवन पुलिस टीम को धार रोड से रतलाम फोरलेन की ओर अत्यधिक तेज गति से जाती एक संदिग्ध काले रंग की महिंद्रा स्कॉर्पियो दिखाई दी। पुलिस द्वारा रोकने का इशारा करने पर चालक ने रफ्तार और बढ़ा दी। पुलिस टीम ने डायल 112 (FRV-16) के साथ तालमेल बिठाते हुए करीब 16 किलोमीटर तक पीछा किया और छोकला टोल प्लाजा पर मजबूत घेराबंदी करवा दी। खुद को घिरता देख वाहन में सवार पांचों लोग गाड़ी छोड़कर सड़क किनारे सोयाबीन के खेतों में भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने तत्काल पीछा कर एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया, वहीं दूसरे आरोपी को ड्रोन कैमरों और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से खेतों में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल उर्फ दातु खान (निवासी धीरणकी, जिला पलवल, हरियाणा) और कमरियाब पिता सत्तार (उम्र 50 वर्ष, निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से अपराध में प्रयुक्त ब्लैक स्कॉर्पियो S11 (क्रमांक MH12 XH 5112) और 3 लाख 60 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे कर्नाटक के विजयपुर जिले में एटीएम मशीन काटकर नकदी चोरी करने की वारदात में शामिल थे। इस संबंध में कर्नाटक के कुडगी थाने में अपराध क्रमांक 97/2026, धारा 331(4), 305 BNS के तहत मामला पहले से दर्ज है। पुलिस अब फरार तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। इस गिरोह की गिरफ्तारी से देशभर में सक्रिय एटीएम कटर नेटवर्क के कई अन्य अनसुलझे मामलों के खुलासे और अंतर्राज्यीय कड़ियों के जुड़ने की संभावना है।
