Headlines

‘मिट्टी के गणेश-स्वच्छ पर्यावरण का संदेश’

धार में पुलिस लाइन के बच्चों ने सीखी ईको-फ्रेंडली प्रतिमा बनाने की कला

धार। नन्हे हाथों में गीली मिट्टी और चेहरों पर कुछ नया रचने का उत्साह-धार पुलिस लाइन में पर्यावरण संरक्षण और बच्चों की रचनात्मकता का एक सुंदर संगम देखने को मिला। गणेश उत्सव को प्रकृति के अनुकूल ढंग से मनाने के संकल्प के साथ बच्चों ने मिट्टी से भगवान श्रीगणेश की आकर्षक प्रतिमाएं तैयार कीं।

​पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशानुसार 13 सितंबर रविवार को धार स्थित पुलिस लाइन के सामुदायिक भवन में “मिट्टी के गणेश प्रतिमा” कार्यशाला आयोजित की गई। इस आयोजन में कलेक्टर राजीव रंजन मीना, पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा और नगर पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह गुर्जर की उपस्थिति रही। कार्यशाला में पुलिस परिवार के बालक-बालिकाओं ने भाग लिया, जिन्हें प्रशिक्षक अभय व्यास ने मिट्टी से गणेश प्रतिमाएं बनाने की बारीकियां सिखाईं।

​प्रतिमा निर्माण प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में सायना जमरा ने प्रथम, कामाक्षी राज गेहलोद ने द्वितीय और विनय हरहड़ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर पुरस्कृत किया गया।

​कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य आगामी गणेश उत्सव के दौरान प्लास्टर ऑफ पेरिस (PoP) और रासायनिक रंगों से जल स्रोतों को होने वाले नुकसान के प्रति जागरूकता लाना है। “मिट्टी का गणेश-स्वच्छ पर्यावरण का संदेश” के जरिए बचपन से ही बच्चों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता की जो नींव रखी गई है, वह आने वाले वर्षों में समाज को ईको-फ्रेंडली त्योहार मनाने की दिशा में प्रेरित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *