Headlines

तमिलनाडु में चोरी, मप्र के उमरबन में दबोचा गया आरोपी

मनावर और उमरबन पुलिस के सहयोग से 55 लाख का सोना बरामद

385 ग्राम सोने के साथ अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार

धार। हजारों किलोमीटर दूर दक्षिण भारत में हुई बड़ी चोरी की कड़ियां मध्य प्रदेश के धार जिले में आकर सुलझ गईं। मनावर थाना क्षेत्र की उमरबन पुलिस और तमिलनाडु पुलिस ने एक सटीक संयुक्त ऑपरेशन को अंजाम देकर न केवल वांछित आरोपी को धर दबोचा, बल्कि उसके पास से भारी मात्रा में चोरी किया गया सोना भी बरामद कर लिया।

​इस संयुक्त कार्रवाई में पुलिस टीम ने ग्राम खैरवा जागीर (उमरबन) में दबिश देकर 36 वर्षीय आरोपी मकसूद (पिता जामगीर खान) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 385 ग्राम वजनी सोने के आभूषण जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 55 लाख रुपए बताई जा रही है। धार पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर एवं एसडीओपी मनावर ब्रजेश कुमार मालवीय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव की टीम ने तमिलनाडु पुलिस के साथ मिलकर इस योजनाबद्ध कार्रवाई को पूरा किया।

​यह पूरा मामला तमिलनाडु के दो अलग-अलग जिलों में दर्ज चोरी के गंभीर प्रकरणों से जुड़ा है। थाना कायथर (जिला तुथुकुडी) में अपराध क्रमांक 461/2026, धारा 303(3) बीएनएस तथा थाना बतलगुंडू (जिला डिंडीगुल) में अपराध क्रमांक 423/2026, धारा 305(ब) बीएनएस के तहत मामले दर्ज थे। इन मामलों की विवेचना करते हुए आरोपियों के सुराग तलाशती हुई तमिलनाडु पुलिस मनावर पहुंची थी। स्थानीय पुलिस की त्वरित मदद से आरोपी मकसूद को उसके ठिकाने से घेरकर पकड़ा गया।

​इस महत्वपूर्ण सफलता में निरीक्षक राजेश यादव, उप निरीक्षक प्रकाश अलावा (चौकी प्रभारी उमरबन), प्रधान आरक्षक राजेश चौहान, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र मांडवी और आरक्षक गंगाराम बघेल की मुख्य भूमिका रही। टीम की इस तत्परता पर पुलिस अधीक्षक धार ने पूरी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

​बरामद सोने के आभूषणों और आरोपी को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर अग्रिम विवेचना व ट्रायल के लिए तमिलनाडु पुलिस को सौंपने की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। दो राज्यों की पुलिस के इस सफल समन्वय से अंतरराज्यीय चोरी गिरोहों के स्थानीय नेटवर्क पर कड़ा प्रहार हुआ है, जिससे भविष्य में अन्य राज्यों से जुड़े अपराधों की कड़ियों को जोड़ने में मदद मिलेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *