डही थाने से महज एक किमी दूर चोरी की बड़ी वारदात
धार। जब पूरा परिवार गहरी नींद में था, तब अज्ञात बदमाशों ने बड़ी चालाकी से घर में सेंध लगाकर लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया। डही थाना क्षेत्र में बेखौफ चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए बेडरूम और अलमारी के ताले तोड़कर नकदी समेत सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए।
यह वारदात रविवार, 20 सितंबर की तड़के करीब 3:00 बजे ब्लॉक ऑफिस के सामने स्थित एक मकान में घटी, जो डही थाने से पूर्व दिशा में महज एक किलोमीटर की दूरी पर है। फरियादी 40 वर्षीय अनिल मालवीया (पिता सत्यनारायण मालवीया) के अनुसार, अज्ञात चोर रात के अंधेरे में उनके बेडरूम के दरवाजे का नकूचा तोड़कर भीतर दाखिल हुए। इसके बाद चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का लॉक तोड़ा और उसमें रखे 1 लाख 10 हजार रुपये नकद तथा लगभग 1 लाख 40 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण समेट लिए। चोरी गए सामान में दो सोने के मंगलसूत्र, एक जोड़ी सोने की कान की बाली, एक जोड़ी चांदी की पायल और एक जोड़ी चांदी की बिछुड़ी शामिल हैं। बदमाश कुल 2 लाख 50 हजार रुपये का मशरूका लेकर मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद फरियादी की शिकायत पर डही थाना पुलिस ने 20 सितंबर रविवार को दोपहर 3:50 बजे अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(a) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। थाने से महज एक किलोमीटर के दायरे में हुई इस वारदात के बाद इलाके के रहवासियों में रात की सुरक्षा और गश्त को लेकर चिंता बढ़ गई है। वहीं पुलिस अब अज्ञात बदमाशों की पहचान और चोरी गए मशरूके की बरामदगी के लिए सुराग जुटाने में लग गई है।
