Headlines

ड्रोन सर्चिंग के जरिए अलीराजपुर के जंगल से 6 घंटे में बरामद किए चोरी के ट्रैक्टर-ट्रॉली और स्कूटी

घर के बाहर से चोरी हुए थे ट्रैक्टर-ट्रॉली और स्कूटी

कुक्षी, बाग और निसरपुर चौकी की संयुक्त कार्रवाई

​धार। घर के बाहर खड़े भारी-भरकम ट्रैक्टर-ट्रॉली और अंदर रखी स्कूटी पर हाथ साफ कर चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती दी थी, लेकिन आधुनिक तकनीक और सटीक मुखबिर तंत्र के आगे उनकी चालाकी ज्यादा देर नहीं टिक सकी। कुक्षी पुलिस ने सूचना मिलते ही ऐसा चक्रव्यूह रचा कि घने जंगलों में छिपाई गई 8.50 लाख रुपये की संपत्ति को महज 6 घंटे के भीतर ड्रोन और ग्रामीणों की मदद से खोज निकाला।

​यह वारदात 21 सितंबर को निसरपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में हुई। फरियादी हीरा मंडलोई के घर के सामने से अज्ञात बदमाश ट्रैक्टर व ट्रॉली और घर के अंदर से टीवीएस कंपनी की स्कूटी चुरा ले गए थे। पीड़ित की रिपोर्ट पर कुक्षी थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक सचिन कुमार शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय कुमार डावर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी सुनील कुमार गुप्ता के निर्देशन में कुक्षी, बाग और निसरपुर चौकी की संयुक्त टीम तुरंत हरकत में आई।

​पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ संभावित रास्तों की घेराबंदी की। जांच के दौरान इनपुट मिला कि चोरी के वाहन पड़ोसी जिले अलीराजपुर के थाना बोरी अंतर्गत गुंझेड़ी और बहेड़िया के जंगलों में छिपाए गए हैं। पुलिस ने बीहड़ इलाके में ड्रोन कैमरों से सघन तलाशी ली और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से पूरे मशरूके ट्रैक्टर, ट्रॉली व स्कूटी को सुरक्षित जब्त कर लिया।

​इस त्वरित सफलता में थाना प्रभारी कुक्षी दीपक कुमार चौहान, थाना प्रभारी बाग हीरू रावत, चौकी प्रभारी निसरपुर जयपाल बिल्लौरे, उनि गिलदार बघेल, सउनि भुवान चौहान, प्रआर प्रकाश भाभर, प्रआर राजेन्द्र, प्रआर भावसिंह, प्रआर रेलमसिंह, आरक्षक रविन्द्र, अर्जुन, शाहदर, विपिन, राजू, मुकेश, सुनील, निलेश, विनोद, दिलीप, सिद्धार्थ, गोवर्धन एवं सैनिक बहादुरसिंह का सराहनीय योगदान रहा।

घटना के बाद अब पुलिस अज्ञात आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अंतरजिला सीमावर्ती जंगलों को छिपने का ठिकाना बनाने वाले वाहन चोर गिरोह के नेटवर्क तक पहुँचने और क्षेत्र में भविष्य की ऐसी वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *