Headlines

धार में पहले चौराहे पर युवक को सरिए से पीटा, फिर घर में घुसकर महिलाओं से की धक्का-मुक्की और धमकी

दबंगई के बाद कोतवाली पुलिस ने दर्ज किए दो अलग-अलग मामले

धार। धार के नालछा दरवाजा निवासी एक ही परिवार के सदस्यों पर बदमाशों ने एक के बाद एक दो जगह हमला बोल दिया। पहले युवक को रास्ते में रोककर लोहे के सरिए से लहूलुहान किया गया और इसके चंद मिनटों बाद हमलावरों ने उसके घर पहुंचकर महिलाओं के साथ अभद्रता व धक्का-मुक्की करते हुए पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे डाली। दोनों ही मामलों में कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं।

घटना शनिवार (26 सितंबर) सुबह करीब 8:00 बजे की है। नालछा दरवाजा निवासी 29 वर्षीय यश बाबर अंतिम चौराहा क्षेत्र से गुजर रहे थे, तभी पुराने विवाद के चलते विशाल ठाकुर, अज्जु माइकल और लखन पांचाल ने उन्हें रोक लिया। गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपियों ने यश पर लोहे के सरिए से हमला कर दिया, जिससे उनके चेहरे, नाक, गले, कंधे और हथेली पर गंभीर चोटें आईं। यश के साथी अतुल डावर ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया।

दूसरी घटना में इसके ठीक 10 से 15 मिनट बाद (रात करीब 8:10 से 8:15 बजे), मयूर शिवले, विशालसिंह ठाकुर, अज्जु माइकल और शरद मोहिते नालछा दरवाजा स्थित यश के घर आ धमके। वहां उन्होंने यश की बहन कुनिका, बहन चित्रांशी और मां अर्चना के साथ धक्का-मुक्की की और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। जब चित्रांशी ने घटना का वीडियो बनाने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने मोबाइल छीनने की नीयत से झूमाझटकी की और भाई को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

कोतवाली थाना पुलिस ने यश बाबर की शिकायत पर आरोपी विशाल ठाकुर, अज्जु माइकल और लखन पांचाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(a), 115(2), 351(2) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया। वहीं कुनिका बाबर की रिपोर्ट पर मयूर शिवले, विशालसिंह ठाकुर, अज्जु माइकल और शरद मोहिते के खिलाफ भी इन्हीं धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।

घटना के पीछे पुराने विवाद की पृष्ठभूमि सामने आई है, जिसमें आरोपियों ने पीड़ित परिवार को इलाके में न दिखने की चेतावनी दी है। पहले रास्ते में जानलेवा हमला और फिर घर में घुसकर महिलाओं को धमकाने की इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। वहीं पुलिस अब दर्ज मुकदमों के आधार पर आरोपियों की तलाश और मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *