पीथमपुर और मनावर पुलिस ने बीएनएस 318(4) के तहत दर्ज किए मामले
धार। डिजिटल लेनदेन की सुविधा के बीच साइबर अपराधियों की सक्रियता आम नागरिकों की जमा-पूंजी पर भारी पड़ रही है। धार जिले के औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर और मनावर में अज्ञात ठगों ने ऑनलाइन माध्यम से सेंधमारी करते हुए चार अलग-अलग नागरिकों के बैंक खातों से कुल 4 लाख 6 हजार 243 रुपये पार कर दिए। साइबर हेल्पलाइन पोर्टल 1930 और शून्य (जीरो) एफआईआर से मिली शिकायतों के आधार पर पुलिस ने 27 सितंबर को सभी मामलों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धोखाधड़ी की यह घटनाएं अगस्त और सितंबर माह के दौरान पीथमपुर सेक्टर 01 और मनावर थाना क्षेत्र में हुईं।
- पीथमपुर के वृंदावन कॉलोनी निवासी 45 वर्षीय सतेन्द्र सिंह राजपूत के खाते से अज्ञात बदमाश ने 1 अगस्त से 1 सितंबर के बीच 1,94,243 रुपये निकाल लिए।
- हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी 48 वर्षीय हर्षोद तलेले के खाते से 17 सितंबर की शाम को 95,000 रुपये की ऑनलाइन निकासी की गई।
- हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में ही रहने वाले मूल निवासी गुजरात के 41 वर्षीय पाल भूपत सिंह के बैंक खाते से 18 सितंबर की रात 69,000 रुपये की धोखाधड़ी हुई।
- वहीं मनावर के जुनी मनावर निवासी 43 वर्षीय लोकेश पाटीदार के केनरा बैंक खाते से 18 सितंबर को यूपीआई माध्यम से 48,000 रुपये कट गए, जिसकी जानकारी उन्हें 27 सितंबर को बैंक स्टेटमेंट निकालने पर हुई।
पीथमपुर की तीनों वारदातों की शिकायतें नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (हेल्पलाइन 1930) के जरिए संबंधित थाने को प्राप्त हुईं, जबकि मनावर का मामला जीरो एफआईआर के माध्यम से दर्ज किया गया। डिजिटल माध्यमों से लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों के बाद पुलिस अब तकनीकी साक्ष्यों, बैंक ट्रांजैक्शन विवरण और यूपीआई आईडी के आधार पर अज्ञात आरोपियों की पहचान और तलाश में जुट गई है।
