Headlines

धार : जैतपुरा में 20 हजार की देशी पिस्टल के साथ ‘मच्छर’ गिरफ्तार

नौगांव थाने में 25(1) आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज

धार। अवैध हथियारों की तस्करी और रोकथाम को लेकर पुलिस की सक्रियता का असर एक बार फिर देखने को मिला है। नौगांव थाना क्षेत्र में मुखबिर तंत्र और सतर्क गश्त के जरिए पुलिस ने एक युवक को देशी पिस्टल और मैग्जीन के साथ रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी इलाके में किसी वारदात की फिराक में था या हथियार की डिलीवरी देने जा रहा था, पुलिस अब इसकी कड़ियों को जोड़ने में जुट गई है।

​मामला 28 सितंबर सोमवार की शाम का है। नौगांव थाना पुलिस ने करीब 04:35 बजे जेतपुरा में फन एंड फूड होटल के पास कच्चे रास्ते पर घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को रोका। पूछताछ में उसकी पहचान इंदिरा कॉलोनी, जेतपुरा निवासी 23 वर्षीय गौतम उर्फ मच्छर (पिता दिलीप कटारे) के रूप में हुई। गवाहों के समक्ष ली गई तलाशी में उसके कब्जे से करीब 20,000 रुपये कीमत की एक अवैध देशी पिस्टल और मैग्जीन बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर ही हथियार जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया और थाने लाकर शाम 18:28 बजे उसके खिलाफ 25(1) आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

​जिले में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार सघन चेकिंग अभियान चला रही है। इस गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हथियार सप्लायर और उसके संपर्कों की पड़ताल कर रही है, जिससे क्षेत्र में सक्रिय अवैध हथियारों के नेटवर्क का भंडाफोड़ होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *