Headlines

धार : अवैध शराब के बड़े सिंडिकेट पर पुलिस का शिकंजा

40 लाख से अधिक की बीयर से भरा आयशर वाहन जब्त, चालक और मालिक पर केस

धार। तिरपाल के भीतर छिपाकर ले जाई जा रही अवैध शराब की एक बड़ी खेप को बाकानेर पुलिस ने समय रहते बेनकाब कर दिया। मुखबिर और स्थानीय सूचना के आधार पर हुई इस त्वरित कार्रवाई में 1200 से अधिक पेटियों में भरी हजारों लीटर बीयर बरामद कर एक बड़े अंतर-जिला तस्करी प्रयास को विफल कर दिया गया।

यह कार्रवाई धार जिले की मनावर तहसील अंतर्गत ग्राम बाकानेर के धनखेड़ी फाटे पर की गई। पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के नेतृत्व, एसडीओपी दीपांशु के मार्गदर्शन तथा मनावर थाना प्रभारी राजेश यादव व बाकानेर चौकी प्रभारी मनोज पाटीदार की टीम ने संदिग्ध आयशर वाहन (क्रमांक GJ06 BT4066) को घेराबंदी कर पकड़ा। वाहन की जांच करने पर उसमें से 14,760 बल्क लीटर मात्रा वाली 1230 पेटी बीयर बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 40 लाख 44 हजार 240 रुपए आंकी गई है। पुलिस ने 15 लाख रुपए मूल्य का आयशर वाहन भी जब्त किया, जिससे कुल जब्ती 55 लाख रुपए से अधिक की हो गई है।

वाहन में सवार चालक योगेश पिता श्रवण योगी (22 वर्ष), निवासी ग्राम बिल्लोद (थाना बेटमा) से जब शराब परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई कागजात पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस वाहन को बाकानेर चौकी लेकर आई और पंचों की मौजूदगी में जब्ती की प्रक्रिया पूरी की गई। मामले में चालक योगेश के साथ ही वाहन मालिक राजेन्द्रसिंह पिता गणेशसिंह बैस (निवासी इंदौर) के खिलाफ धारा 34(1) एवं 36 आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क की पिछली कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। चौकी प्रभारी मनोज पाटीदार के अनुसार, जांच का मुख्य केंद्र यह पता लगाना है कि शराब की यह बड़ी खेप कहां से लोड की गई थी और इसे किस ठिकाने पर खपाया जाना था। अवैध शराब के इस पूरे सिंडिकेट से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान होते ही मामले में उनके नाम भी शामिल किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र में सक्रिय अवैध परिवहन पर कड़ा अंकुश लग सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *