Headlines

‘अब लंदन से मां वाग्देवी की प्रतिमा लाने के लिए पूरे देश के हिंदुओं को करेंगे एकजुट’-टी राजा सिंह

धार पहुंचे हिंदू नेता टी राजा सिंह का पटाखे फोड़कर किया स्वागत

धार। इंदौर हाईकोर्ट के फैसले के बाद धार की ऐतिहासिक भोजशाला में इन दिनों आस्था का जनसैलाब उमड़ रहा है। मां वाग्देवी के दर्शन और पूजन के लिए देश के कोने-कोने से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार को हिंदूवादी नेता और हैदराबाद के पूर्व विधायक टी राजा सिंह धार पहुंचे और भोजशाला का बारीकी से अवलोकन किया। भोजशाला पहुंचने पर स्थानीय हिंदू समाज और कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर टी राजा सिंह का भव्य स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने गर्भगृह में मां वाग्देवी की महाआरती की और आशीर्वाद लिया।

“पहले जब भी आता था, एक दर्द लेकर जाता था…”

पत्रकारों से चर्चा करते हुए टी राजा सिंह भावुक नजर आए। उन्होंने कहा, “मैं आज तीसरी बार भोजशाला आया हूँ। इससे पहले जब भी मैं यहाँ आता था, तो एक दर्द लेकर लौटता था कि कैसे हमारे प्राचीन मंदिरों को खंडित किया गया, लैंड जिहाद हुआ और दरगाह-मस्जिदें खड़ी कर दी गईं। लेकिन मंदिर समिति के सैकड़ों वर्षों के संघर्ष और हिंदुओं की आस्था की जीत हुई है।” उन्होंने प्रवेश द्वार पर लगे बैनर का जिक्र करते हुए कहा कि पहले यहाँ शुक्रवार को अलग माहौल होता था, लेकिन आज ‘गैर-हिंदुओं का प्रवेश निषेध’ का बैनर देखकर मन को बेहद खुशी मिली है।

‘योगी बाबा की तरह चलाएं बुलडोजर, कोर्ट केस चलता रहेगा’

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा भोजशाला में भव्य कॉरिडोर बनाने की घोषणा का टी राजा ने स्वागत किया, लेकिन साथ ही एक बड़ी मांग भी रख दी।

“मैं हमारे मोहन भैया (मुख्यमंत्री मोहन यादव) से निवेदन करना चाहता हूं कि उत्तर प्रदेश में योगी बाबा किसी को नोटिस नहीं देते। जहाँ लैंड जिहाद दिखता है, वहाँ सीधे बुलडोजर भेजकर खात्मा कर देते हैं। मोहन भैया के पास भी इतिहास लिखने का यह बेहतरीन अवसर है। कोर्ट का केस अपनी जगह चलता रहेगा, लेकिन जो थोड़ा-बहुत अतिक्रमण बचा है, उसे साफ करके भव्य कॉरिडोर बनाया जाए।”

लंदन से आएगी मां वाग्देवी की प्रतिमा

टी राजा सिंह ने भोजशाला को भविष्य का एक बड़ा टूरिज्म हब बताते हुए कहा कि अब अगला लक्ष्य मां शारदा की मूल प्रतिमा को वापस लाना है।

  • केंद्र से बात करे राज्य सरकार: उन्होंने सीएम मोहन यादव से अपील की कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करें और लंदन (ब्रिटिश म्यूजियम) में ‘कैद’ मां वाग्देवी की मूल प्रतिमा को ससम्मान धार वापस लाकर स्थापित करें।

  • देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी: टी राजा ने कहा कि इस मांग को लेकर वे केवल मध्य प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे भारत के हिंदू समाज को खड़ा करेंगे और सरकार पर दबाव बनाएंगे।

‘राम मंदिर के बाद यह दूसरी बड़ी विजय, अब काशी-मथुरा की बारी’

अयोध्या का जिक्र करते हुए पूर्व विधायक ने कहा कि 500 वर्षों के संघर्ष के बाद आज आसमान छूता राम मंदिर हमारे सामने है। राम मंदिर के बाद हिंदुओं को यह दूसरी बड़ी विजय भोजशाला के रूप में मिली है। उन्होंने हिंदुओं से धैर्य रखने की अपील करते हुए कहा कि अभी काशी और मथुरा की विजय बाकी है। आने वाले समय में जिहादियों के कब्जे वाले सभी मठ-मंदिरों पर भगवा झंडा लहरा कर रहेगा।

हाईकोर्ट के फैसले के बाद से धार भोजशाला में महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और तेलंगाना (साउथ इंडिया) समेत कई राज्यों से रोजाना हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *