Headlines

धार में आबकारी विभाग ने 5.71 लाख रुपये का गुड़-लाहन और अवैध शराब की ज़ब्त, 5 मामले दर्ज

5600 लीटर लाहन नष्ट, 75 लीटर कच्ची शराब बरामद

धार। जिले में अवैध शराब के फलते-फूलते नेटवर्क पर आबकारी विभाग ने करारा शिकंजा कसा है। सूरजपुरा और मूसपुरा के बीहड़ नदी-नालों के किनारों पर चल रही अवैध शराब की भट्टियों पर संयुक्त टीम ने अचानक धावा बोलकर बड़े पैमाने पर शराब बनाने की सामग्री और कच्ची शराब बरामद की।

​धार, सागौर, सरदारपुर और बदनावर की संयुक्त आबकारी टीम ने 9 सितंबर बुधवार को सूरजपुरा नाले, सूरजपुरा तालाब के किनारे और सादी नदी (मूसपुरा क्षेत्र) में सुनियोजित दबिश दी। कलेक्टर राजीव रंजन मीना के आदेशानुसार, इंदौर संभाग के उपायुक्त आबकारी इंदर सिंह जामोद एवं जिला धार के सहायक आबकारी आयुक्त दीपक अवस्थी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई जिला कंट्रोलर प्रशांत मंडलोई के नेतृत्व में की गई। इस छापेमारी में कुल 5600 लीटर गुड़-लाहन और 75 लीटर कच्ची शराब ज़ब्त की गई, जिसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख 71 हजार 250 रुपये आंकी गई है।

कार्यवाही में सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रशांत मंडलोई, डॉ. निलेश नेमा तथा आबकारी उप निरीक्षक राज कुमार शुक्ला, संग्राम सिंह गोरे, मुनेंद्र जादौन, अश्विनी रोजड़े, वर्षा राजपूत और जितेंद्र राठौर सहित संयुक्त दल की सक्रिय भूमिका रही। मामले में आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 (संशोधन 2000) की धारा 34(1)(क) एवं (च) के तहत कुल 5 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं।

​प्रशासन द्वारा लगातार की जा रही इस तरह की सख्त और समन्वित कार्रवाइयों से क्षेत्र में अवैध शराब निर्माताओं और तस्करों के हौसले पस्त हुए हैं। आबकारी विभाग की इस प्रभावी मुहिम से जिले के सीमावर्ती व ग्रामीण नदी-नालों के किनारे अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगने और भविष्य में इन गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगने की उम्मीद है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *