धार। देर रात सुनसान सड़क पर दौड़ती एक बुलेट और उस पर सवार दो युवकों की तेज रफ्तार उस वक्त थम गई, जब पुलिस की घेराबंदी ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। मुखबिर की सटीक सूचना पर घाटाबिल्लौद पुलिस चौकी प्रभारी ने तुरंत मोर्चा संभाला और मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप को बाजार में खपाए जाने से पहले ही पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से दो युवकों को हिरासत में लेकर उनके पास से लाखों रुपये की एमडी ड्रग्स और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है।
यह पूरी कार्रवाई 10 सितंबर गुरुवार की रात करीब 11:00 बजे मालती चौराहा, घाटाबिल्लौद पर हुई। चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक बी.के. मिश्रा को सूचना मिली थी कि सादलपुर के ग्राम बड़छापरा निवासी असलम (33 वर्ष) और कुलदीप सोलंकी (32 वर्ष) बुलेट मोटरसाइकिल (क्रमांक MP-09-QF-8385) से अवैध ड्रग्स लेकर घाटाबिल्लौद की ओर आ रहे हैं। पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में मालती चौराहे पर घेराबंदी की और दोनों को रोक लिया। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत ली गई तलाशी में पीछे बैठे कुलदीप की जेब से 35 ग्राम मटमैले रंग का एमडी ड्रग्स बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 4 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने मौके पर ही इलेक्ट्रॉनिक कांटे से मादक पदार्थ का विधिवत वजन कर 35 ग्राम एमडी और करीब 1 लाख रुपये कीमत की बुलेट बाइक को जब्त कर सील किया। आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर थाना पीथमपुर लाया गया, जहाँ उनके विरुद्ध धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
क्षेत्र में लगातार बढ़ रही मादक पदार्थों की तस्करी पर इस कार्रवाई को एक बड़े प्रहार के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि वे यह खेप कहाँ से लाए थे और इसे किसे डिलीवर किया जाना था, जिससे इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य सप्लायरों तक पहुँचा जा सके।
