Headlines

300 ग्राम सोना छुड़ाने के नाम पर इंदौर के युवक से 6.70 लाख रुपये की ठगी

एक लाख के मुनाफे का लालच देकर आरोपी फरार, केस दर्ज

धार। एक लाख रुपये के मुनाफे का झांसा देकर लाखों की ठगी करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गिरवी रखे 300 ग्राम सोने के जेवर छुड़ाने का बहाना बनाकर जालसाजों ने एक युवक को अपने जाल में फंसाया और उससे 6.70 लाख रुपये ऐंठकर रफूचक्कर हो गए। पीड़ित जब खुद को ठगा महसूस करने लगा, तब उसने पुलिस की शरण ली।

घटना 16 सितंबर की दोपहर 2:30 से 3:45 बजे के बीच सरदारपुर थाना क्षेत्र के कस्बा रिंगनोद में हुई। इंदौर के कनाड़िया रोड स्थित संविदनगर निवासी 33 वर्षीय राहुल जैन (पिता स्व. संपतलाल जैन) को सुग्गा नामक व्यक्ति और उसके साथ मौजूद एक अज्ञात महिला ने विश्वास में लिया। आरोपियों ने राहुल से कहा कि उनके 300 ग्राम सोने के जेवर एक सुनार के पास 7,30,000 रुपये में गिरवी रखे हैं। यदि वह इन जेवरों को छुड़ाने में मदद करेंगे, तो जेवर बाजार में बेचकर उन्हें 1,00,000 रुपये का मुनाफा दिया जाएगा। इस झांसे में आकर राहुल ने आरोपियों को 6,70,000 रुपये थमा दिए। रकम हाथ में आते ही आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद फरियादी अपने स्तर पर आरोपियों की तलाश करता रहा। जब उनका कोई सुराग नहीं लगा, तब 17 सितंबर को सरदारपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।

सस्ते सोने या गिरवी रखे जेवरों को छुड़ाकर भारी मुनाफा कमाने के नाम पर होने वाली ठगी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास के रास्तों और संदिग्धों की पड़ताल कर रही है, ताकि गिरोह की पहचान कर इस तरह की धोखाधड़ी पर लगाम लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *