एनालॉग पनीर के शक में 15 सैंपल लिए, 8 किलो माल जब्त
धार। इंदौर-अहमदाबाद हाईवे पर सफर के दौरान यदि आप ढाबों और होटलों के जायके का आनंद ले रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद अहम है। हाईवे के प्रतिष्ठानों पर असली की जगह मिलावटी ‘एनालॉग पनीर’ परोसने के संदेह में खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने एक साथ कई ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस कार्रवाई से इलाके के होटल और ढाबा संचालकों में हड़कंप मच गया।
कलेक्टर राजीव रंजन मीना और आयुक्त खाद्य सुरक्षा मध्य प्रदेश के निर्देश पर शुक्रवार 21 अगस्त को खाद्य सुरक्षा प्रशासन की दो अलग-अलग टीमों ने इंदौर-अहमदाबाद हाईवे पर धार एवं सरदारपुर तहसील के अंतर्गत आने वाले होटलों, ढाबों और दुकानों पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पनीर, दही और खाद्य तेल सहित कुल 15 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।

धार तहसील में होटल और ढाबों पर कार्रवाई
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी निर्मला सोमकुंवर के नेतृत्व में टीम ने ग्राम गुणावद स्थित होटल सादगी से पनीर, दही और स्टार्च पाउडर के नमूने लिए तथा 8 किलो संदिग्ध एनालॉग पनीर जब्त किया। इसके अलावा कलसाडा खुर्द स्थित होटल ग्रांड प्रलाद एंड रिज़ॉर्ट से पनीर, दही, बटन मशरूम व सोया चाप; नंदन होटल से पनीर व नमकीन और रवि होटल से दही का नमूना लिया गया।
सरदारपुर तहसील में होटल और ढाबों पर कार्रवाई
अभिहित अधिकारी सचिन लौगरिया के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी आर.जी. माऊटा और सुभाष खेड़कर की संयुक्त टीम ने राजगढ़ में चारभुजा ट्रेडर्स से दीप भक्ति मल्टी सोर्स एडिबल ऑयल, प्रीत लाइट गोल्ड कुकिंग मीडियम व पनीर के नमूने लिए। इसके साथ ही महाकाल रेस्टोरेंट (पावर ग्रिड के सामने), वीर तेजाजी राजस्थान होटल और बोधवाड़ा स्थित होटल कलाश्री से पनीर के नमूने लिए गए।
विभाग द्वारा एकत्र किए गए सभी 15 नमूनों को जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार लैब रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इन प्रतिष्ठानों पर परोसा जा रहा पनीर प्राकृतिक था या हानिकारक तत्वों से तैयार एनालॉग पनीर। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस सख्ती से हाईवे पर मिलावटी खाद्य सामग्री बेचने वालों पर नकेल कसने की उम्मीद है।
