Headlines

3 साल की मासूम समेत परिवार के 4 लोगों को पेट्रोल डाल जिंदा जलाया

पूर्व पत्नी की दूसरी शादी से भड़का, रेकी कर घर में घुसा

पटना में सनकी की हैवानियत, तलाक के 15 दिन बाद खूनी बदला

पटना | चौक थाना क्षेत्र की राजाराम गली बुधवार की सुबह चीख-पुकार और आग की लपटों से दहल उठी। यहां एक सिरफिरे आशिक और सनकी पूर्व पति ने फिल्मी अंदाज में एक हंसते-खेलते परिवार को जिंदा जलाने की कोशिश की। वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी बोतलों में पेट्रोल भरकर लाया था। इस हैवानियत में एक ही परिवार के चार लोग जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे हैं। दिल दहला देने वाली इस वारदात की पूरी इनसाइड स्टोरी किसी थ्रिलर फिल्म से कम नहीं है।

15 दिन पहले रचाई थी शादी, तभी से थी रंजिश

पीड़ित पुरुषोत्तम अग्रवाल ने बताया कि आरोपी कन्हाई उनकी बहू मोनी कुमारी का पूर्व पति है। कन्हाई मोनी को बेरहमी से पीटता था, जिसके बाद दोनों का तलाक हो गया। तलाक के बदले कन्हाई ने वसूली की तरह 3 लाख 47 हजार रुपये भी ऐंठे थे। तलाक के बाद, महज 15 दिन पहले ही पुरुषोत्तम अग्रवाल के बेटे ने मोनी से शादी की थी। लेकिन कन्हाई की लालच की भूख शांत नहीं हुई थी, वह लगातार और पैसों की डिमांड कर रहा था।

रेकी की, फोन पर लोकेशन ली और फिर…

बुधवार सुबह सनकी कन्हाई ने पूरी प्लानिंग के साथ वारदात को अंजाम दिया:

  • लोकेशन ट्रेस की: सुबह कन्हाई ने पुरुषोत्तम को फोन कर पूछा कि ‘कहाँ हो?’ पुरुषोत्तम ने कहा कि वह ड्यूटी पर आ चुके हैं।

  • घर में घुसा काल बनकर: यह सुनते ही कन्हाई पेट्रोल की बोतलें लेकर घर में घुस गया। उसने सीढ़ियों से ही पेट्रोल छिड़कना शुरू कर दिया और अंदर पहुँचकर माचिस मार दी।

झुलसा पूरा परिवार: इस खौफनाक आगजनी में पुरुषोत्तम अग्रवाल, उनकी पत्नी नीलम अग्रवाल, बहू मोनी कुमारी और उनकी महज 3 साल की मासूम पोती गंभीर रूप से झुलस गए।

खुद के बदन में लगी आग, तो गंगा जी में कूदा आरोपी

नफ़रत की आग लगाने वाले कन्हाई को अंदाज़ा नहीं था कि कुदरत का करिश्मा तुरंत दिखेगा। आग लगाने के दौरान वह खुद भी बुरी तरह झुलस गया। तड़पते हुए अपनी जान बचाने के लिए वह सीधे भागते हुए कंगन घाट पहुँचा और गंगा नदी में कूद गया।

मौके पर पहुँचे ‘सिंघम’, अस्पताल में जंग

घटना की भनक लगते ही चौक थानाप्रभारी राजकिशोर सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुँचे। गली में अब भी पेट्रोल से भरी एक बोतल लावारिस पड़ी थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों (पीड़ित परिवार और आरोपी कन्हाई) को अपनी गाड़ी में लादा और तुरंत एनएमसीएच में भर्ती कराया, जहाँ सबका इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।

साभार : जागरण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *