शिकायत रफा-दफा करने के बदले मांगी थी घूस, स्कूल परिसर में ही जाल बिछाकर बैठी थी लोकायुक्त की टीम, जैसे ही थमाए नोट… बज गई घंटी
इंदौर। शिक्षा के मंदिर को भ्रष्टाचार का अड्डा बनाने वाले एक सरकारी स्कूल के प्राचार्य को इंदौर लोकायुक्त की टीम ने रंगे हाथों दबोच लिया है। लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख एवं उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह के ‘भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस’ के निर्देश के तहत शुक्रवार को यह बड़ी कार्रवाई की गई। शिकायत के निपटारे के नाम पर 10,000 रुपए की घूस लेते हुए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (बालक-1), संयोगितागंज के प्राचार्य श्री राजकुमार चलानी (आर.के. चेलानी) को लोकायुक्त की टीम ने रंगे हाथों धर दबोचा।
क्या है पूरा मामला?
‘द इंटरनेशनल कॉन्वेंट स्कूल’ के संचालक, इदरिस नगर (इंदौर) निवासी रवि जायसवाल के स्कूल की शिकायत किसी पालक (पालक-शिक्षक संघ) ने की थी। इस शिकायत की जांच और मामले को रफा-दफा करने (निराकरण करने) के एवज में संकुल प्राचार्य सह नोडल अधिकारी राजकुमार चलानी ने 10,000 रुपए की रिश्वत मांगी थी। परेशान स्कूल संचालक ने हार मानने के बजाय भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने की ठानी और इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक (विपुस्था) लोकायुक्त इंदौर, राजेश सहाय से कर दी।
लोकायुक्त ने बिछाया जाल, ऐसे फंसे ‘साहब’
लोकायुक्त पुलिस ने शिकायत मिलते ही गुपचुप तरीके से इसका सत्यापन कराया। जांच में शिकायत शत-प्रतिशत सही पाई गई। इसके बाद आज यानी 29 मई को रिश्वत की राशि 10,000 रुपए देना तय हुआ।
रंगे हाथों गिरफ्तारी: आरोपी प्राचार्य ने रिश्वत के पैसे लेकर स्कूल संचालक को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (संयोगितागंज) परिसर में ही बुला लिया। लेकिन वो यह भूल गए कि उनके आसपास लोकायुक्त का जाल बिछ चुका था। जैसे ही रवि जायसवाल ने प्राचार्य को 10,000 रुपए थमाए, वैसे ही मुस्तैद लोकायुक्त की टीम ने धावा बोलकर उन्हें नोटों के साथ रंगे हाथों दबोच लिया।
एक्शन में लोकायुक्त की ‘सुपर टीम’
इस सफल ट्रैप को अंजाम देने वाली टीम में कई जांबाज अधिकारी निरीक्षक प्रतिभा तोमर, कार्यवाहक प्रआर आशीष शुक्ला, आरक्षक आदित्य भदौरिया, कमलेश परिहार, पवन पटरियां, कृष्णा अहिरवार, शिवप्रकाश पराशर और राकेश मिश्रा शामिल रहे।
मौके पर कार्रवाई जारी: आरोपी प्राचार्य के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद से शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
लोकायुक्त की जनता से अपील : डरें नहीं, शिकायत करें
लोकायुक्त संगठन ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी आपसे काम के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो डरे नहीं। तुरंत लोकायुक्त कार्यालय से संपर्क करें।
-
पता: पुलिस अधीक्षक, विशेष पुलिस स्थापना, लोकायुक्त कार्यालय इंदौर संभाग, मोती बंगला, एम.जी. रोड इंदौर – 452007
-
हेल्पलाइन नंबर: 📞 0731-2533160 | 📞 0731-2430100
