पत्नी की हत्या कर बिस्तर पेटी में छिपाया शव, रातभर ऊपर सोता रहा पति
धार। जब आपसी भरोसा और बातचीत का रास्ता बंद हो जाए, तो घरेलू विवाद किस कदर खौफनाक मोड़ ले सकते हैं, इसकी एक दहला देने वाली मिसाल धार जिले के राजगढ़ नगर से सामने आई है। चरित्र पर संदेह और शराब की लत के चलते एक शख्स ने न सिर्फ अपनी पत्नी की बेरहमी से जान ले ली, बल्कि सबूत मिटाने के लिए क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं।
मंगलवार को धार जिले के राजगढ़ नगर के भानगढ़ रोड स्थित शंकरपुरा क्षेत्र में यह जघन्य हत्याकांड उजागर हुआ। आरोपी पति कमलेश खराड़ी ने सोमवार रात को शराब के नशे में अपनी 35 वर्षीय पत्नी हिना खराड़ी की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव को घर में रखी एक बिस्तर पेटी के अंदर बंद कर दिया और उसी पेटी पर बिस्तर बिछाकर पूरी रात सोता रहा। मंगलवार सुबह जब मृतका दिखाई नहीं दी, तो परिजनों की सूचना पर राजगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पूछताछ में संदेह होने पर जब पुलिस ने पेटी की तलाशी ली, तो उसमें से हिना का शव बरामद हुआ।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कमलेश और हिना ने करीब 10 वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों के चार बच्चे (तीन बेटियां और एक बेटा) भी हैं। हालांकि, पिछले कुछ सालों से कमलेश शराब का आदी हो चुका था और पत्नी के चरित्र पर शक करने लगा था, जिसकी वजह से उनके बीच लगातार झगड़े होते थे। घटना वाली रात भी दोनों के बीच इसी बात पर विवाद हुआ था, जिससे बचने के लिए चारों बच्चे अपनी बुआ के घर सोने चले गए थे।
राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार के अनुसार, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कमलेश खराड़ी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए सरदारपुर सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। माता-पिता के इस विवाद और मां की हत्या के बाद अब चारों बच्चों के सिर से साया उठ गया है।
