Headlines

धार जिले में महिला संबंधी अपराधों पर पुलिस की दोहरी कार्रवाई

धामनोद से दुष्कर्म का फरार आरोपी पकड़ाया, सिंघाना पुलिस ने 24 घंटे में भेजा जेल

धार। जिले में महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए धार पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के तहत त्वरित एक्शन लेते हुए पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तत्परता दिखाई। धामनोद में जहां खेत में ले जाकर महिला से दुष्कर्म करने वाले फरार आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा गया, वहीं सिंघाना चौकी पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के एक गंभीर मामले में 24 घंटे के भीतर आरोपी को दबोचकर सलाखों के पीछे भेज दिया।

मक्के के खेत में किया था दुष्कर्म

पहली घटना 24 सितंबर की दोपहर करीब 12 बजे की है। पीड़िता अपने खेत में भुट्टे लेने गई थी, तभी ग्राम ब्रह्मकुंडी निवासी 21 वर्षीय हेमन्त पिता प्रकाश बड़तिया उसे जबरन मक्के के खेत में खींच ले गया और दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। धामनोद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1) के तहत अपराध क्रमांक 471/2026 दर्ज किया और मुखबिर तंत्र व तकनीकी साक्ष्यों के जरिए फरार हेमन्त को गिरफ्तार कर लिया।

इनका रहा सराहनीय योगदान

धामनोद एसडीओपी मोनिका सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोषसिंह यादव, उपनिरीक्षक विजय बारकले, प्रधान आरक्षक श्रीराम पंवार व स्टाफ ने फरार आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।

पॉक्सो एक्ट का आरोपी धराया

दूसरी घटना 26 सितंबर को सिंघाना चौकी (थाना मनावर) में एक गंभीर अपराध पंजीबद्ध हुआ। पुलिस ने अपराध क्रमांक 666/2026 दर्ज कर आरोपी शिवम पिता रामसिंह उर्फ रामलाल ठाकुर (उम्र 22 वर्ष, निवासी रणतलाव, पटेलपुरा) के खिलाफ बीएनएस की धारा 137(2), 87, 65(1), 64(2)(M), 127(4) सहित पॉक्सो एक्ट की धारा 5L एवं 6 के तहत मामला कायम किया। टीम ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सक्रियता दिखाई और आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में न्यायालय भेज दिया।

इनका रहा सराहनीय योगदान

मनावर एसडीओपी मनावर दीपांशु के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजेश यादव, चौकी प्रभारी उनि. अनुप बघेल, उनि. रानी राठौर, मप्रआर. रमा रावत, प्रआर. सुरेश बडोले, आर. सुनील डावर, आर. कमल सोलंकी व आर. शोभाराम ने 24 घंटे में घेराबंदी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया।

पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर के मार्गदर्शन में दोनों टीमों ने त्वरित कार्रवाई को अंजाम दिया।

जिले में 48 घंटे के भीतर महिला संबंधी दो संवेदनशील मामलों में पुलिस की इस तत्पर और सख्त कार्रवाई से न केवल पीड़ित पक्षों को त्वरित न्याय का भरोसा मिला है, बल्कि असामाजिक तत्वों में भी स्पष्ट संदेश गया है। तकनीकी साक्ष्यों और त्वरित एफआईआर व्यवस्था के आधार पर की जा रही इन कार्यवाहियों से आने वाले समय में जिले में महिला सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *