भोपाल। मध्य प्रदेश के प्रशासनिक ढांचे में एक बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। राज्य शासन ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अशोक बर्णवाल को प्रदेश के मुख्य सचिव पद का प्रभार सौंपा है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं।
अशोक बर्णवाल, 1991 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी को 22 जुलाई को भोपाल में मुख्य सचिव, मध्यप्रदेश शासन के रूप में स्थानापन्न (अस्थायी) नियुक्ति किया गया है। मध्यप्रदेश के राज्यपाल के नाम से तथा आदेशानुसार सामान्य प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव (कार्मिक) एम. सेल्वेन्द्रन द्वारा आदेश क्रमांक ‘ई-1/106/2026/5/एक’ के तहत जारी।
इससे पूर्व अशोक बर्णवाल मध्यप्रदेश शासन में अपर मुख्य सचिव, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग, अपर मुख्य सचिव, भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग और आयुक्त, खाद्य सुरक्षा (अतिरिक्त प्रभार) की जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं। आदेश की प्रतिलिपि वर्तमान मुख्य सचिव अनुराग जैन (IAS 1989), मंत्रिमंडल सचिवालय (नई दिल्ली), कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को प्रेषित की गई है।
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन दिल्ली में नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बनाए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार यह नियुक्ति अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक के लिए की गई है। इस निर्णय के बाद मध्य प्रदेश शासन के प्रशासनिक कार्यों और नीतियों के क्रियान्वयन में मुख्य सचिव स्तर की जिम्मेदारियों का संचालन अब अशोक बर्णवाल के मार्गदर्शन में आगामी दिशा-निर्देश आने तक किया जाएगा।

