Headlines

3 लाख से अधिक का संदिग्ध घी और पनीर जप्त, अवैध रूप से चल रही डेयरी सील

इंदौर में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन

इंदौर। अगर आप भी बाजार से मिलने वाले दूध, घी और पनीर का इस्तेमाल बेझिझक कर रहे हैं, तो जरा सावधान हो जाइए! प्रदेशव्यापी मिलावट विरोधी अभियान के तहत इंदौर में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने एक साथ कई ठिकानों पर जोरदार दबिश दी है। इस ताबड़तोड़ कार्रवाई में न केवल लाखों रुपये का संदिग्ध घी और पनीर जप्त किया गया, बल्कि बिना वैध लाइसेंस के खाद्य सामग्री बना रही एक डेयरी पर भी ताला जड़ दिया गया।

सोमवार, 10 अगस्त को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशों और कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के अलग-अलग दलों ने इंदौर जिले के कई व्यापारिक और रिहायशी इलाकों में औचक निरीक्षण किया। सिंध डेयरी फार्म (मुराई मोहल्ला), नारायण इंटरप्राइजेज (पालदा बारदान मंडी), रतलाम नमकीन कॉर्नर (जेल रोड), मैसर्स कमलेश ट्रेडर्स (सियागंज) और आशुतोष बॉयज हॉस्टल (बड़ी ग्वालटोली) पर की गई इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य अमानक व मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाना और नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना था।

सिंध डेयरी फार्म पर पड़ा ताला

मुराई मोहल्ला स्थित सिंध डेयरी पर निरीक्षण के दौरान बिना मैन्युफैक्चरिंग लाइसेंस के पनीर, दही और घी का निर्माण होता पाया गया। यहाँ बिना बिल और बिना लेबल वाले प्लेन टिन में रखा घी मिला। टीम ने मौके से 149 किलो घी और 103 किलो पनीर (अनुमानित कीमत 1.50 लाख रुपए) जप्त कर जांच रिपोर्ट आने तक निर्माण कार्य तुरंत प्रभाव से बंद करा दिया।

पालदा बारदान मंडी में घी की जब्ती

नारायण इंटरप्राइजेज से ‘किंग घी’ और ‘राधा माधव घी’ के नमूने लिए गए। गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर 1,53,000 रुपए कीमत का 255 किलोग्राम घी (17 डिब्बे) जप्त किया गया।

सियागंज और जेल रोड पर भी शिकंजा

सियागंज स्थित कमलेश ट्रेडर्स से गुजरात निर्मित ‘महीसागर घी’ का नमूना लेकर 28 किलोग्राम घी सील किया गया। वहीं, सीएम हेल्पलाइन की शिकायत पर जेल रोड स्थित रतलाम नमकीन कॉर्नर का निरीक्षण कर समोसे व चटनी/सलाद के सैंपल लिए गए तथा संचालक को सुधार सूचना पत्र जारी किया गया।

हॉस्टल में जांच और सफाई के निर्देश

FoSCoS पोर्टल पर मिली शिकायत के आधार पर बड़ी ग्वालटोली स्थित आशुतोष बॉयज हॉस्टल से खाद्य सामग्री के 3 नमूने लिए गए और संचालक को रसोई में स्वच्छता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए गए।

कुल मिलाकर इस एक दिवसीय अभियान के दौरान 535 किलोग्राम से अधिक संदिग्ध खाद्य सामग्री (कीमत 3 लाख रुपए से अधिक) जप्त की गई है।

जप्त किए गए सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। लैब से जांच रिपोर्ट प्राप्त होते ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *